वेटरनरी विश्वविद्यालय आई.सी.ए.आर. सहायक महानिदेशक ने की फैकल्टी के साथ समन्वय बैठक

वेटरनरी विश्वविद्यालय
आई.सी.ए.आर. सहायक महानिदेशक ने की फैकल्टी के साथ समन्वय बैठक
बीकानेर, 28 जनवरी। वेटरनरी विश्वविद्यालय में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आई.सी.ए.आर.) के सहायक महानिदेशक (शिक्षा योजना एवं गृह विज्ञान) डॉ. बिमलेश मान ने वेटरनरी महाविद्यालय के शिक्षकों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। सहायक महानिदेशक डॉ. बिमलेश मान ने आई.सी.ए.आर. द्वारा देश के विभिन्न राज्य एवं केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में विभिन्न आई.सी.ए.आर. पोषित शैक्षणिक एवं अनुसंधान परियोजनाओं की जानकारी प्रदान की। डॉ. मान ने कहा कि वर्तमान परिवेश में कृषि, डेयरी एवं वेटरनरी में छात्राओं का प्रवेश प्रतिशत बढ़ा है। आई.सी.ए.आर. द्वारा कन्या छात्रावासों हेतु बजट प्रतिशत भी बढ़ाया गया है। डॉ. मान ने बताया कि आई.सी.ए.आर. ने छठे डीन कमेटी की सिफारिशों के तहत नियमित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ नये व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रमों को भी लागू किया है जो की युवाओं के लिए रोजगार का आधार बनेगा। इसके अलावा एक्सपीरियंस लर्निंग, ब्लेंडेड लर्निंग एवं शिक्षा के डिजिटल रूपान्तर पर आई.सी.ए.आर. का विशेष फोकस है। डॉ मान ने वैश्विक मांग को देखते हुए सुरक्षित खाद्यान उत्पादन की विश्व में मांग को भी बताया। डॉ. मान ने वेटरनरी विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में किये गये कार्यों की सराहना की एवं आई.सी.ए.आर. द्वारा आवंटित बजट का समुचित उपयोग हेतु सुझाव दिया। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् द्वारा शैक्षणिक एवं अनुसंधान हेतु राज्य के विश्वविद्यालयों को हमेशा से ही बजट सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। कुलपति दीक्षित ने बताया कि वैश्विक दृष्टिकोण को देखते हुए अभी भी शिक्षा के क्षेत्र में बजट अनुदान कम है जिसको की बढ़ाने की बहुत आवश्यकता है। संसाधनों के समुचित उपयोग एवं गुणवत्तापूर्ण शोध हेतु कुशल मानव संसाधन को उपलब्ध करवाना भी दूसरा बड़ा लक्ष्य है। कुलपति आचार्य दीक्षित ने आई.सी.ए.आर. का बजट आवंटन हेतु धन्यवाद के साथ-साथ शीघ्र ही अनुसंधान एवं कौशल विकास हेतु नवीन परियोजनाओं को प्रेषण हेतु विचार व्यक्त किया। आई.सी.ए.आर. नोड़ल ऑफिसर एवं अधिष्ठाता स्नातकोत्तर अध्ययन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने सभी का स्वागत किया एवं विश्वविद्यालय में आई.सी.ए.आर. मद से विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर, चल रही विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। अधिष्ठाता एवं प्रति कुलपति प्रो. हेमन्त दाधीच ने विश्वविद्यालय में चल रही शैक्षणिक, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों की जानकारी प्रदान की एवं विश्वविद्यालय के मानव संसाधन एवं भौगोलिक स्थिति के बारे में परिचय दिया। बैठक में विश्वविद्यालय के डीन-डायरेक्टर, फैकल्टी सदस्य सहित काजरी (आई.सी.ए.आर.) के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. बिरपाल मौजूद रहे।