राजुवास, बीकानेर के प्रति कुलपति का पी.जी.आई.वी.ई.आर., जयपुर संकाय सदस्यों के साथ संवाद

जयपुर, 30 अगस्त। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर के माननीय प्रति कुलपति तथा निदेशक अनुसंधान आचार्य हेमन्त दाधीच ने शुक्रवार को स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.वी.ई.आर.), जयपुर में संकाय सदस्यों के साथ संवाद किया। संस्थान के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) धर्म सिंह मीना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रति कुलपति महोदय का स्वागत किया तथा अपने स्वागत भाषण में संस्थान की विभिन्न आवश्यकताओं की तरफ उनका ध्यान आकर्षित किया। साथ ही संस्थान की प्रगति हेतु सभी संकाय सदस्यों की कटिबद्धता से अवगत कराया। संकाय सदस्यों के साथ संवाद के दौरान प्रति कुलपति महोदय ने सभी समस्याओं को ध्यान से सुना तथा उनके उचित समाधान हेतु विश्वास दिलाया। संस्थान की प्रगति हेतु संकाय सदस्यों की कटिबद्धता से वे बहुत प्रसन्न हुए तथा सभी को मिलकर काम करने हेतु कहा। उनका विश्वास था कि अगर सच्चे मन से मिलकर परिश्रम करें तो उसका परिणाम निश्चित ही मिलता है। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. बरखा गुप्ता ने किया तथा सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. वाई.पी. सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।