पी.जी.आई.वी.ई.आर., जयपुर में 76वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक आयोजित

जयपुर, 15 अगस्त। स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.वी.ई.आर.), जयपुर में 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रो. (डॉ.) संजीता शर्मा, अधिष्ठाता द्वारा झण्डारोहण किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिष्ठाता महोदया ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए अपने उद्बोधन में भारत के स्वाधीनता संग्राम के महान् योद्धाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया तथा उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महज एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है, यह देश के प्रति समर्पण, त्याग, बलिदान एवं भावनाएं हैं। आज का दिन आत्म मंथन का दिन है। उन्होंने बताया कि हमने आजादी के 75 वर्ष पूरे कर लिये और हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इन 75 वर्षो में हमारे देश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है तथ सामाजिक समरसता का भाव जागृत किया है। विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा की तरह हर मन तिरंगा का भाव जागृत कर साहस, सच्चाई तथा नवाचार के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान दें।
संस्थान द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर मेधा सूची में प्रथम पाँच स्थानों पर स्नातक चतुर्थ वर्ष में हमारे संस्थान के दो विद्यार्थियों तथा पशुपालन डिप्लोमा पाठ्यक्रम में तीन विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया। आगे उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत इस वर्ष संस्थान को दो नवीन परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इसी वर्ष वी.सी.आई. तथा पी.आर.टी. टीमों द्वारा संस्थान का निरीक्षण कर संस्थान में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर तथा विद्यावास्पिति पाठ्यक्रमों को मान्यता प्रदान की गई। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 2022-23 की बजट घोषणा के क्रम में पी.जी.आई.वी.ई.आर., जयपुर में भी एक भ्रूण प्रत्यारोपण प्रयोगशाला स्वीकृत हुई है। संस्थान के विभिन्न कार्यक्रमों में अनेक गणमान्य विभूतियों ने अतिथि के रूप में पधार कर संस्थान के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
अधिष्ठाता महोदया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थान के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। विश्वविद्यालय स्थापन दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वालों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्थान के 08 संकाय सदस्यों को उनके उत्कृष्ट उपलब्धियों हेतु विश्वविद्यालय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है जो हमारे लिये बहुत ही गर्व की बात है। उन्होंने संकाय सदस्यों द्वारा विभिन्न संगोष्ठियों तथा अन्य क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा उन्हें शुभकामनाएं दी।
स्वतंत्रता दिवस के इस सुअवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताएं आदि प्रस्तुत कर सभी को मंत्र-मुग्ध कर दिया। संस्थान के संकाय सदस्य भी इस कड़ी में पीछे नहीं रहे व उन्होंने भी मनमोहक गीत प्रस्तुत किये। मंच का संचालन डॉ. मोनिका करनानी व कार्यक्रम डॉ. वाई.पी. सिंह, सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। झण्डारोहण के पश्चात् संस्थान के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों द्वारा संस्थान परिसर में वृक्षारोपण किया गया।