पी.जी.आई.वी.ई.आर., जयपुर में संविधान दिवस आयोजित

जयपुर, 26 नवम्बर, 2023। स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.वी.ई.आर.), जयपुर में रविवार को संविधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) रोहिताश दाधीच की अगुवाई में सभी ने भारत के संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। अधिष्ठाता महोदय ने बताया कि देश में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाने, संविधान के महत्व पर जागरूकता फैलाने तथा इसके निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर साहब के योगदान को स्वीकार करने एवं सम्मान देने के उद्देश्य से इस दिवस को डॉ. भीमराव अम्बेडकर साहब की 125वीं जयन्ती वर्ष 2015 से मनाया जाता है। संविधान दिवस मनाये जाने के इतिहास के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि आज ही के दिन सन् 1949 को संविधान सभा ने हमारे संविधान को अंगीकार किया था तथा 26 जनवरी, 1950 को लागू किया। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र तथा इसके संविधान निर्माण की क्रमवार प्रक्रिया तथा विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि हमारे संविधान की मूल प्रति हस्थ लिखित है। संविधान के द्वारा लोकतंत्र के प्रति लोगों में आस्था जागृत होती है क्योंकि इसके बिना किसी भी लोकतंत्र का कोई अस्तित्व नहीं है। संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य यह भी है कि प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्त्तव्यों के बारे में भी जानकारी हो। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. संदीप कुमार शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ।