कुलपति, राजुवास का पी.जी.आई.वी.ई.आर., जयपुर भ्रमण।

जयपुर, 16 सितम्बर। प्रो. (डॉ.) सतीश के. गर्ग, कुलपति, राजुवास ने शुक्रवार को स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.वी.ई.आर.), जयपुर का भ्रमण कर संस्थान की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। संस्थान की अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) शीला चौधरी ने कुलपति महोदय का स्वागत किया तथा उन्हें संस्थान में चल रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। कुलपति महोदय ने संकाय सदस्यों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने संकाय सदस्यों को शोध परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा विभिन्न एजेन्सियों से शोध परियोजनाएं प्राप्त करने के तकनीकी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि अगर तीन-चार विभाग मिलकर उत्कृष्ट सहयोगात्मक शोध परियोजनाएं किसी भी एजेन्सी को भेजते हैं तो उनके स्वीकृत होने की संभावनाएं अधिक होती हैं। अध्यापन पर चर्चा करते हुए उन्होंने सभी को इसे अपनी प्रथम प्राथमिकता देने को कहा तथा अध्यापन को प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अधिष्ठाता महोदया ने संस्थान की विभिन्न समस्याएं कुलपति महोदय के समक्ष प्रस्तुत की जिनका शीघ्र निराकरण करने का उन्होंने आश्वासन दिया। संकाय सदस्यों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं कुलपति महोदय के समक्ष रखी, जिन पर भी उन्होंने शीघ्र कारवाई करने का विश्वास दिलाया। कुलपति महोदय ने संस्थान के अशैक्षणिक कर्मचारियों के साथ भी अलग से बैठक की तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र निवारण करने का भरोसा दिया। उन्होंने बी.एस.एल.-3 प्रयोगशाला तथा किसान छात्रावास के निर्माणाधीन कार्य का भी निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की जानकारी ली।